नवगछिया शहर के बाजार स्थित ऐतिहासिक घाट ठाकुरबाड़ी मंदिर में शुक्रवार को वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शिवरात्रि कमिटी के तत्वावधान में भगवान शिव का भव्य तिलकोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न लगभग 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Whatsapp group Join

तिलकोत्सव में मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित अजीत पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। यजमान के रूप में दिल्ली निवासी शंभू गुप्ता एवं उनकी पत्नी उपस्थित रहीं। इनके साथ संतोष, रामजी, पंकज, अमर गुप्ता, अमित जायसवाल, मदन भगत, अमित भगत, कन्हैया साह, बजरंग साह एवं सुमित सहित अन्य श्रद्धालुओं ने तिलक की थाली लेकर नगर भ्रमण में भाग लिया।

तिलकोत्सव के अवसर पर निकला नगर भ्रमण आकर्षण का केंद्र रहा। डीजे, ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक कलाकारों और जयकारों के साथ शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यह यात्रा स्टेशन रोड, प्रोफेसर कॉलोनी होते हुए जगतपति महादेव मंदिर गौशाला पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत तिलक किया।

नगर भ्रमण के समापन के बाद जगतपति महादेव मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ एवं हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर शिवरात्रि कमिटी के पार्षद दीपक कुमार गुड्डू, संतोष, रणवीर भगत, काशी गुप्ता सहित कमिटी के अन्य सदस्य एवं सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नगर भ्रमण और पूजा कार्यक्रम में शामिल रहे। कमिटी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

आयोजकों ने जानकारी दी कि आगामी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गौशाला  मंदिर में भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर शहर में विशाल एवं आकर्षक शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *