खरीक/ गोपालपुर : एनएच-31 स्थित अंभो चौक के समीप बाइक सवार तीन युवकों ने इंटर के छात्र 20 वर्षीय मुरारी कुमार को दौड़ा-दौड़ा कर गोली मारी। गोली लगने के बाद एनएच-31 किनारे कच्ची जमीन वह गिर गया। घटना को अंजाम देने वाले युवक चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। इन्होंने इस दौरान 5 गोली मारी, इसमें 3 लगी और दो निशाने से चूक गई। एक गोली कांख के नीचे पंजरे में और दो गर्दन के नीचे पीठ में लगी है। गोली की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों को देखकर गोलीबारी कर रहे युवक खरीक चौक की ओर भाग निकले।
Total Downloads: 119
जख्मी हालत में युवक को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर स्थिति में मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसे भर्ती किया गया। यहां से हालत गंभीर देख उसे डॉ. एनके यादव के क्लिनिक में रेफर कर दिया गया। युवक गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा निवासी दिवाकर यादव का बेटा है। जो खगड़िया के भरतखंड स्थित एक निजी काॅलेज में इंटर की पढ़ाई करता है। इसके साथ ही सेना की बहाली के तैयारी भी कर रहा था। सोमवार को कटिहार में सेना की बहाली को लेकर होने वाले दौड़ में वह शामिल होने वाला था। घटना की वजह पुराना रंजिश और जमीन विवाद बताया जा रहा है।

2 नामजद और एक अज्ञात युवक पर मामला दर्ज आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी कर रही पुलिस
खरीक थाने के एसआई सतीश चंद्र सिंह, एसएन मिश्रा दलबल के साथ मायागंज अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान लिया। युवक ने अपने बयान में गांव के ही गोलू यादव, बंदन यादव समेत एक अन्य अज्ञात पर गोली मारने का आरोप लगाया है। दो नामजद आरोपी घायल के चचेरे भाई और अज्ञात खगड़िया के खुटाहा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर सह खरीक के प्रभारी थानाध्यक्ष एनएस चौहान ने बताया कि घायल के फर्द बयान पर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मायगंज में इलाजरत घायल युवक
बिहपुर के कहारपुर गांव भाभी को मायके में छोड़कर अपने गांव गोपलपुर के लतरा लौट रहा था युवक, अंभो चौक के समीप घेर कर उसकी बाइक रोक ली बताया जाता है कि घायल युवक अपनी भाभी को बिहपुर थाना क्षेत्र के कहारपुर गांव स्थित मायके में छोड़कर अकेले बाइक से अपने गांव लतरा जा रहा था। उसी दौरान नवगछिया की तरफ से आ रहे बाइक सवार तीन युवकों ने अंभो चौक के समीप हथियार दिखा युवकों ने उसकी बाइक के सामने अपनी बाइक खड़ी कर उसे घेर लिया और पहले उसे रोका और फिर पिस्टल तान दी। जिसे देखते ही वह बाइक छोड़कर दौड़ते हुए भागने लगा। तब युवक दौड़ा-दौड़ा कर उस पर गोली चलाने लगे। दनादन पांच गोली चलाई। 3 गोली लगी और दो निशाने से चूक गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर युवक की जान बची। वर्ना अपराधी पुरी तरह से छात्र को निपटाने की तैयारी में थे। उधर, लतरा गांव में घायल युवक के घर सूचना पहुंचते ही परिजन रोने-चील्लाने लगे। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। सभी घर वाले रो-रोकर बेहाल हैं।
आज कटिहार में सेना की बहाली के लिए होने वाली दौड़ में लेना था भाग
घायल युवक खगड़िया के भरतखंड स्थित एक निजी काॅलेज के इंटर का छात्र है। वह सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी भी कर रहा था। जो सोमवार को कटिहार में सेना बहाली को लेकर होने वाले दौड़ में शामिल होने वाला था। इसलिए वह अपनी भाभी को मायके में छोड़कर अपने गांव जा रहा था, ताकि वह सोमवार को कटिहार जा सके। पर इस घटना के बाद उसकी पिछले कई सालों से दौड़ की तैयारी धरी-धरी रह गई। वह अपने गांव के मैदान में रोज दौड़ कर तैयारी किया था।

