नवगछिया : सरकारी मुलाजिम किस तरह सरकारी योजनाओं का पैसा लूटते हैं इसका ताजा प्रमाण बुधवार को देखने को मिला। गोपालपुर और रंगरा प्रखंड के दियारा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन सड़क पर दो आरसीसी पुलों की निर्माण किया जा रहा है। लेकिन कार्यस्थल पर ना तो ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता और ना ही ठेकेदार मौजूद थे।

मजदूरों द्वारा घटिया बालू-गिट्टी का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा था। इतना ही नहीं, छड़ की जगह जंग लगे पतले सीआइ वायर बिछा कर अप लेयर में पुल ढालने की तैयारी है। डाउन लेयर की ढलाई में क्या उपयोग किया गया है, यह तो जांच का विषय है। कार्यस्थल पर योजना से संबंधित किसी तरह का सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया है। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना के तहत किया जा रहा है। करीब पांच करोड़ की लागत से सड़क एवं सेतु का निर्माण किया जा रहा है।

घटिया निर्माण के कारण कुछ माह पूर्व ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध भी किया गया था। लेकिन न तो विभाग और ना ही संवेदक द्वारा कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाया गया। दोनों पुल गंगा एवं कोसी नदी के कलबलिया धार में रंगरा और गोपालपुर के सीमावर्ती भीमदास टोला के समीप बनाया जा रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिना अभियंता के कार्य करना गंभीर मामला है। कार्यस्थल पर तत्काल सहायक अभियंता को भेज रहा हूं। उनसे रिपोर्ट लेकर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *