एसपी निधि रानी ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा जज्बातों-अफवाहों से बचें। यदि उन्हें किसी अफवाह की जानकारी मिलती है, वे तत्काल पुलिस को खबर करें। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति के पास स्मार्टफोन है। यह सोशल मीडिया व व्हट्सएप ग्रुप से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। जो भी मैसेज वायरल होते हैं, उनकी प्रासंगिकता के बारे में शांतिपूर्ण विचार करें। सभी मैसेज का परीक्षण करें और गलत पाए जाने पर भेजने वाले को मना करें, उन्हें अफवाह से बचने की सलाह दें। आपकी सलाह से किसी निर्दोष की जान बच सकती है।
मौका था मॉब लिंचिंग जागरूकता अभियान कार्यक्रम का। एसपी बुधवार को जीबी कॉलेज में आयोजित उक्त कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नसीहत दीं, कहा कि किसी प्रकार के भी अफवाहों की जानकारी यदि उन तक पहुंचती है, वे तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना मिलते ही पुलिस अवश्य कार्रवाई करेगी।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ शिवशंकर मंडल ने पुलिस प्रशासन के मानवीय पक्ष पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला। महाविद्यालय के वरीय शिक्षक प्रो. अशोक सिन्हा ने कहा भीड़ हिंसा के पीछे अफवाह, अज्ञानता व बेरोजगारी को मुख्य कारण है। मौके पर छात्र-छात्राओं को भीड़ हिंसा को रोकने के लिए व ग्रामीणों को जागरूक करने के तरीके बताएं।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेंद्र सिंह ने किया। माैके पर डॉ. कलाधर मंडल, डॉ. विभांशु मंडल, डॉ. राजकुमार प्रसाद, डॉ. दिव्य प्रियदर्शी, डॉ. फिरोज अहमद, डॉ. मसर्रत हुसैन, डॉ. उषा रानी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थीं।


