खरीक | झांव गांव में गुरुवार देर रात जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई धर्मेंद्र मंडल ने छोटे भाई सुनील कुमार मंडल को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना रात करीब 12 बजे की है। गोली सुनील के सीने में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना खरीक थाना को दी।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को खरीक सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखकर मायागंज अस्पताल रेफर किया। हालत में सुधार न होने पर शुक्रवार को उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया।

घायल सुनील के बयान पर पुलिस ने बड़े भाई धर्मेंद्र मंडल, भतीजा पंकज कुमार सहित पांच नामजद एवं कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

अपने बयान में सुनील ने बताया कि “गुरुवार रात करीब 9 बजे मैं खाना खाकर पत्नी और बच्चों के साथ सो गया था। रात करीब 12:10 बजे धर्मेंद्र, पंकज और अन्य लोग घर में घुस आए और गोली चला दी। मेरी चीख सुनकर पत्नी और बच्चे जागे, तब सभी आरोपी भाग निकले।”

उसने आगे बताया कि “भाई ने पिता को बहलाकर मेरे हिस्से की जमीन अपने नाम लिखवा ली थी। मैंने जमीन का म्यूटेशन रद्द करवा दिया, जिसके बाद से वह मुझे जान से मारने की धमकी दे रहा था।”

थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इस मामले में कई बार गांव में पंचायत भी हो चुकी थी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *