भागलपुर : जीरोमाइल पुलिस ने नाश्ता दुकान की आड़ में बाइक चोरी के धंधे का रविवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नवगछिया इलाके के जाह्रवी चौक से शिव शंकर जायसवाल को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से बाइक की मास्टर चाभी भी बरामद हुई है। वह इस्माइलपुर इलाके के छोटी परबत्ता का रहने वाला है।
जाह्रवी चौक पर उसकी नाश्ते की दुकान है। जीरोमाइल थानेदार राजरतन ने बताया कि 13 अगस्त को एलआईसी कॉलोनी से पंकज रंजन भारती की बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में उन्होंने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। वे किसी सरकारी विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। कॉलोनी में वे किराए के मकान में रहते हैं।

फाइटर मंडल के साथ मिलकर करता है चोरी : बाइक चोरी मामले की जांच करने के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि जाह्रवी चौक स्थित दुकानदार ने बाइक की चोरी की है। पुलिस ने जब छापेमारी की तो उसने पहले चोरी से इंकार करते हुए आनाकानी की। लेकिन, तलाशी के दौरान मास्टर चाभी और बाइक मिलने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया।


