गोपालपुर| धरहरा गांव के सोनैया बहियार के निकट महंत बाबा स्थान के सामने रविवार की देर रात गश्ती के दौरान गोपालपुर पुलिस ने धरहरा निवासी सत्यजीत सिंह को हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी की है। थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने बताया कि गोपालपुर पुलिस गश्ती के दौरान की गई चेकिंग में पुलिस को यह सफलता मिली है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि रविवार गोपालपुर पुलिस की एक टीम धरहरा सोनैया धार की सड़क पर गश्ती पर थी। जहां पर सत्यजीत सिंह एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज गति से निकल रहा था। पुलिस को देख कर तेज गति से मोटरसाइकिल भगाए जाने पर पुलिस को उनपर संदेह हुआ।

संदेह होने पर मोटरसाइकिल पर सवार युवक सत्यजीत सिंह को पुलिस ने रोका। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी द्वारा उसकी तालाशी ली गई। युवक के पास से हथियार व कारतूस बरामद होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान धरहरा के सत्यजीत सिंह पिता चितरंजन सिंह के रूप में हुई।


