नवगछिया। बोड़वा टोला, कदवा निवासी दशरथ और उनके सात वर्षीय पोते कृष्ण कुमार की निर्मम हत्या के खिलाफ कदवा के स्थानीय मिलन चौक पर भाकपा-माले ने प्रतिवाद प्रदर्शन किया। सभा को सम्बोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव बिन्देश्वरी मंडल ने कहा कि इलाके में लगातार हत्या-अपराध बढ़ रहा है। स्थानीय पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में अक्षम साबित हुई है। प्रखंड सचिव रामदेव सिंह ने कहा शराब-स्मैक माफिया लगातार युवाओं को नशे की लत में डूबा रहा है। पुलिस-अपराधी गठजोड़ युवाओं के जीवन को बर्बाद करने पर तुली हुई है।
Total Downloads: 300
महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि : प्रतिवाद प्रदर्शन के बाद भाकपा-माले ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
प्रतिवाद प्रदर्शन और संकल्प सभा में भाकपा-माले के जिला सचिव बिन्देश्वरी मंडल, नौगछिया प्रखंड सचिव रामदेव सिंह, नगर प्रभारी व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त, जिला कमिटी सदस्य व इनौस के राज्य सहसचिव गौरीशंकर राय, वकील मंडल, रवि मिश्र, राधेश्याम रजक, निरंजन भारती, नंदकिशोर सिंह, जयकांत मंडल आदि सैकड़ो महिला-पुरुष शामिल हुए।

