नवगछिया : विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर गुरुवार की देर रात अपराधियों ने ट्रक चालकों के साथ लूटपाट की। लूटपाट की घटना के दौरान अपराधियों ने ट्रक चालकों के मोबाइल व नगदी की लूट ली। घटना के दौरान ही चालकों ने हल्ला करना शुरू कर दिया। हल्ला सुनकर स्थानीय लोग पहुंच गए, लूट की घटना को अंजाम दे रहे दो अपराधियों को पकड़ लिया। दो अपराधी भागने में सफल हो गए।
अपराधियों के पकड़े जाने की सूचना लोगों ने नवगछिया पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने पकड़े गए दोनों अपराधियों को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें नवगछिया निवासी गुलशन कुमार व बेगूसराय का रहने वाला आशीष कुमार का नाम शामिल है। ट्रक चालकों ने बताया कि वे सभी ट्रक लगाकर खड़े थे।

इसी बीच लुटेरे हथियार के साथ आ धमके और हमला कर दिया। अपराधियों ने 8 से 10 ट्रक चालकों के साथ लूटपाट की। वे और ट्रक चालकों को अपना शिकार बनाने के फिराक में थे, इसी दौरान सभी चालक मिलकर हल्ला करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोग पहुंच गए। उनकी मदद से अपराधी पकड़े गए।

हालांकि नवगछिया थानाध्यक्ष लालबहादुर ने बताया कि विक्रमशिला पुल पहुंच पर कलबलिया धार से आगे ट्रक चालक बैठे हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने चालकों का मोबाइल व 22 सौ रुपया चुरा कर भागने लगा। जिन्हें ट्रक चालकों ने पकड़ा लिया और पुलिस के हवाले किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

