नवगछिया। नवरात्र के अवसर पर रविवार को नवगछिया सहित आसपास के प्रखंडों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
Total Downloads: 296
महिलाओं ने पारंपरिक रूप से डलिया और खोईचा चढ़ाकर मां दुर्गा को नमन किया। नवगछिया बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। संध्या समय आयोजित आरती में हजारों लोगों ने भाग लिया। वहीं स्टेशन वाली दुर्गा मैया मंदिर में ढाक की थाप पर भक्त झूम उठे और आकर्षक सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
तेतरी दुर्गा मंदिर, जिसे शक्तिपीठ कहा जाता है, में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मां को चढ़ावा चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। इसी तरह सैदपुर और रंगरा दुर्गा मंदिरों में देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी रही।

पूरे क्षेत्र में नवरात्र का उल्लास देखते ही बनता था। मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
