नारायणपुर प्रखंड के रायपुर गांव में शादी की खुशी अचानक मातम में बदल गई। रविवार की रात गांव के विजेंद्र शर्मा की बेटी करिश्मा कुमारी की शादी के लिए बारात खगड़िया के मुफसिल थाना के धुसमुरी विशनपुर से आई थी। रात एक बजे दरवाजे पर बारात लगने से पहले युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच नशे में धुत डीजे वैन चालक ने बारातियों को कुचल दिया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए।

आननफानन में घायलों को परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही राज कुमार चौधरी के 16 वर्षीय पुत्र पाण्डव कुमार की मौत हो गई। वहीं जख्मी दिलखुश कुमार, मिट्ठू शर्मा, अनिरुद्ध चौधरी, लक्ष्मण कुमार, विवेक कुमार का इलाज खगड़िया अस्पताल में कराया गया। दुर्घटना के बाद डीजे वैन चालक इसी गांव का सुगम शर्मा फरार हो गया है। मृतक पांडव कुमार पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
इस दुर्घटना के बाद शादी की खुशी गम में बदल गई। सोमवार को पांडव के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। इधर, भवानीपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि डीजे वैन को जब्त कर लिया गया है। अब तक इस मामले को लेकर किसी ने थाने में आवेदन नहीं दिया है। मगर पुलिस डीजे वैन चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गमगीन माहौल में हुई लड़की की शादी कई बरातियों ने नहीं किया भोजन

दुर्घटना के बाद रायपुर गांव में मातम पसर गया। हालांकि वर-वधू पक्ष के लोगों की सूझबूझ से शादी की रस्म किसी तरह पूरी हुई। इस दौरान बाराती और घराती पक्ष के लोगों में गम का माहौल था। कई बारातियों ने खाना भी नहीं खाया। शादी के तुरंत बाद वर पक्ष के लोगों ने वधू की विदाई करने को कहा। जिसे लड़की के पिता विजेंद्र शर्मा ने मान ली। इसके बाद वर पक्ष लड़की को विदा कराकर अपने साथ ले गए। इधर, पांडव की मौत के बाद धुसमुरी विशनपुर गांव में भी मातम पसरा हुआ था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *