नवगछिया : पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में एक दिलचस्प मामला आया. एक पति ने अपनी पत्नी को महज इस बात के लिए घर से निकाल दिया कि उसे गुटखा खाने की लत थी. लाख समझाने के बाद भी वह छोड़ने को तैयार नहीं थी. अन्त में उसे पति ने निकाल बाहर किया. यह मामला भागलपुर जिले के खरीक बाजार स्थित नागर टोला का है, हालांकि पत्नी ने पति पर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने की शिकायत की थी.
Total Downloads: 102
उसकी शादी पूर्णिया जिले के धमदाहा क्षेत्र में हुई है. मामला का खुलासा तब हुआ जब परामर्श केन्द्र में दोनों आमने-सामने हुए. पत्नी का आरोप था कि दहेज देने के बाद भी पति द्वारा मोटरसाइकिल की मांग की जा रही है. नहीं देने पर उसे ने केवल प्रताड़ित किया गया बल्कि डेढ़ वर्ष पहले मारपीट कर ससुराल से भगा दिया गया. जब पति की बारी आयी तो उसने कहा कि यह सरासर झूठ है, सच्चाई यह है कि वह गुटखा खाती है. मना करने पर भी खाना बंद नहीं करती थी. इस कारण एक-दो थप्पड़ जड़ दिया था.
केंद्र ने पत्नी को गुटका नहीं खाने की सलाह दी. वहीं पति को मारपीट नहीं करने और मोटरसाइकिल की मांग नहीं करने की हिदायत दी गयी. दोनों ने केंद्र को विश्वास दिलाया कि भविष्य में कभी कोई शिकायत का मौका नहीं देंगे. स्थानीय के हाट थाना के छठ पोखर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत थी की पत्नी उसकी बात नहीं सुनती है, जबकि पत्नी का कहना था कि उसके साथ पति काफी मारपीट करते हैं. इसलिए वह ससुराल नहीं जाएगी.

समझाने पर भी दोनों जब मिलने के लिए तैयार नहीं हुए तो उन्हें थाना अथवा न्यायालय की शरण लेने का सुझाव दिया गया. कुल 20 मामलों की सुनवाई की गयी. इसमें 6 मामलों को निष्पादित किया गया, मामला को सुलझाने में केंद्र के सदस्य दिलीप कुमार दीपक, स्वाति वैश्ययंत्री, रविंद्र शाह, प्रमोद जायसवाल एवं कार्यालय सहायक नारायण गुप्ता ने अहम भूमिका निभाई
