नवगछिया। बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने नवगछिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि नवगछिया पूर्ण राजस्व जिला बनेगा। इसके लिए सरकार पूरी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में जिला का विस्तार या नया जिला बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी तो उसमें सबसे पहले नवगछिया होगा। पिछले 10 वर्षों में कोई नया जिला का सृजन नहीं किया गया है, इसलिए इसे जिला नहीं बनाया जा सका है। अगर नया जिला बनाने का काम शुरू होगा तो नवगछिया को पहले जिला बनाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि भागलपुर में जल्द हवाई जहाज उड़े और यहां के व्यापारियों एवं लोगों को देश-विदेश जाने में सहूलित हो, इसके लिए जल्द भागलपुर से एक शिष्टमंडल भारत सरकार के उड्डयन मंत्री के साथ मिलकर प्रस्ताव देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि भागलपुर ही नहीं पूर्णिया सहित प्रदेश के कई जगहों से जहाज उड़ाने की तैयारी है।


इसके लिए खुद हम लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार या प्रदेश सरकार जहाज नहीं उड़ाती है। इसके लिए कंपनी अपना जहाज देती है। भारत सरकार ने जहाज उड़ाने के लिए बिहार के कई जिलों से तैयारी की है। इसके लिए भागलपुर भी एक स्थान है। मालूम हो कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के नेता सदानंद सिंह के श्राद्ध कार्यक्रम में उपस्थित होने सुशील मोदी नवगछिया कैपिटल एक्सप्रेस से आए हुए थे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें अंग वस्त्र एवं बुके देकर स्वागत किया गया।
वहीं राजधानी से जाने के दौरान नवगछिया के जाने-माने अधिवक्ता सत्येंद्र नारायण चौधरी उर्फ कौशल चौधरी के अचानक करोना काल के दौरान हुई मौत पर उनके परिजनों से भी मिलने उनके घर पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। मौके पर भागलपुर के विधान परिषद सदस्य डॉक्टर एनके यादव, पूर्व सांसद अनिल यादव, भाजपा के जिला अध्यक्ष विनोद मंडल, मुकेश राणा , गुलाबी सिंह, अजीत कुमार आदि लोग उपस्थित थे।

