गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी हाईस्कूल मैदान में शुक्रवार शाम एक युवक पर हमला कर सिर फोड़ देने का मामला सामने आया है। घायल युवक राजा कुमार पासवान, निवासी तिनटंगा करारी, ने गांव के ही दीपक कुमार यादव को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घटना कैसे हुई?
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अन्य युवकों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। तभी आरोपी दीपक कुमार यादव घोड़ा पर सवार होकर वहां पहुंचा और पहुंचते ही बिना कारण जातिसूचक गाली देने लगा। इसके बाद उसने कट्टा के बट से वार कर उसका सिर फोड़ दिया। मैदान में मौजूद अन्य युवकों ने किसी तरह पीड़ित को बचाया और उसे इलाज के लिए पीएचसी ले जाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू है।


