नवगछिया। आगामी महाशिवरात्रि और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नवगछिया पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस केंद्र नवगछिया में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की अध्यक्षता में जनवरी 2026 की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

लंबित कांडों को लेकर सख्ती दिखाते हुए वारंट, कुर्की और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। थानाध्यक्षों को विशेष रूप से 300 दिनों से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में हत्या, लूट, गृहभेदन, पॉक्सो, दुष्कर्म और एससी-एसटी अत्याचार जैसे गंभीर अपराधों की भी गहन समीक्षा हुई। अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, साक्ष्य संकलन को मजबूत करने और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी पर जोर दिया गया।

त्योहारों की तैयारी के तहत महाशिवरात्रि पर मूर्ति स्थापना के लिए लाइसेंस अनिवार्य करने, विसर्जन रूट का भौतिक सत्यापन कराने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कराने, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने और सोशल मीडिया पर अफवाह व भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

इसके अलावा सभी थानों को क्राइम सीन किट उपलब्ध कराई गई ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन किया जा सके। एसपी प्रेरणा कुमार ने दोहराया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *