पुलिस ने गुरुवार को बिहार में प्रतिबंधित लाॅटरी टिकट बेचने का धंधा करते हुए दो एजेंट नोनियापट्टी निवासी संजय महतो पिता गंगा महतो और संजय महतो पिता पोदीना महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक एक सौ की गड्डी में कुल 25 सौ लाॅटरी टिकट और 28 हजार 645 रुपए की नकदी भी बरामद की है।
नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी कि नवगछिया के नोनिया पट्टी में दोनों एजेंट टिकट बेच रहे हैं। पुलिस ने रणनीति के साथ छापेमारी की। दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोचने लिया। दोनों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद टिकट का नवगछिया बाजार मूल्य कुल 25 हजार रुपए बताया जा रहा है।


नवगछिया में सक्रिय लाॅटरी के धंधेबाजों के पूरे गिरोह का खुलासा करने के लिए एजेंटों से पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि दोनों ने पुलिस के सामने कई चौकाने वाले राज उगले हैं, इसका पुलिस खुलासा नहीं कर रही है। पुलिस दोनों की निशानदेही पर छापेमारी कर रही है। इसमें कई बड़े नामों का जुड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
कालाबाजारी का 15 बोरा चावल ग्रामीणों ने पकड़ा
नवगछिया| जमुनियां ठाकुरबाड़ी चौक पर कालाबाजारी के लिए ठेले से ले जाए जा रहे 15 बोरा सरकारी चावल को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर ठेला चालक चावल भाग गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना परबत्ता पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई के बाद उक्त चावल जब्त कर गांव के ही डीलर विवेकानंद भगत के यहां रखवा दिया है। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि छानबीन कर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर दोषी डीलर के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।

उधर पंचायत के मुखिया सईद बैठा ने कहा कि ग्रामीणों ने करीब डेढ़ बजे कालाबाजारी के लिए जा रहे चावल को पकड़ा। वे मौके पर एक घंटा विलंब से ढ़ाई बजे पहुंचे थे। छानबीन करने के बाद पता चला कि डीलर प्रशांत भगत के दुकान से चावल ठेला पर ले जाया जा रहा था। मुखिया ने कहा कि उक्त डीलर के मनमानी की शिकायतें पहले से भी आ रही थीं।

