नवगछिया । परबत्ता थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह पूर्णिया के टीकापट्टी निवासी निजी बैंक के फाइनेंसकर्मी की हत्या के मामले में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लूट का रुपया भी बरामद किया है।
Total Downloads: 79
इस संबंध में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने परबत्ता थाना में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी रंगरा ओपी के सधुआ निवासी अखिलेश उर्फ अकला, इस्माईलपुर थाना के छोटी परबत्ता निवासी दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, डालो कुमार, सिंटू कुमार हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो डिवाइस, लूट के दौरान उपयोग में प्रयुक्त बाइक, दो कट्टा, दस गोली, घटनास्थल से दो खोखा, एक विन्डोलिया और लूट के नकद 23 हजार नौ सौ रुपया पुलिस ने बरामद किया है। अकला के पास से 10,900 रुपये, दीपक कुमार के पास 10 हजार, डुलो कुमार के पास से नौ रुपया और इसके पास नौ हजार रुपया में खरीदी गयी मोबाइल, अभिषेक कुमार के पास से दो हजार रुपया, सिंटू कुमार के पास से पांच सौ रुपया बरामद किया गया।
24 घंटे में हुआ कांड का उद्भेदन: एसपी ने बताया कि परबत्ता थाना के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी गई कि साहू परबत्ता में इमली पेड़ के पास अपराधियों ने गोली मार कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी है। मृतक की पहचान पूर्णिया जिला के टीकापट्टी निवासी नकुल पासवान के रूप में हुई थी। एसपी ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने 24 घंटे के अंदर कांड का उद्भेदन किया गया। मोटरसाइकिल पर छोटी परबत्ता से पीछा कर रहे अकला मंडल, दीपक कुमार ने कट्टे से फायर किया था जिसमें एक गोली नकुल पासवान को लगी।

जिस महिला ने रुपये जमा किये उसी के बेटे ने रची लूट की साजिश :
एसपी ने बताया कि लाइनर का काम अभिषेक कुमार ने किया था। अभिषेक कुमार को पता था कि नकुल पासवान रुपये का कलेक्शन के लिए आ रहा है। अभिषेक की मां ने दो हजार रूपये नकुल के पास जमा करने के लिए दिया था। जो रुपया अभिषेक ने खर्च कर दिया था। मोबाइल दुकानदार से कर्ज लेकर अभिषेक ने नकुल को दो हजार रुपये दिया था। रुपये लूटने के बाद मोबाइल दुकानदार को उसने रुपये वापस कर दिया।
मुआवजे के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव : एसपी ने कहा कि मृतक अनुसूचित जाति के थे। इसके मुआवजा के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। छापेमारी दल में परवत्ता थानाध्यक्ष योगेश कुमार, गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, अनि पंकज कुमार, इस्माइलपुर थानाध्यक्ष एजाज रिजवी,अनि रामचंद्र यादव ने सक्रिय योगदान दिया। टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारी व पुलिस जवान को पुरस्कृत किया जायेगा
