नवगछिया/परबत्ता: नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत खगड़ा गांव निवासी 12 वर्षीय किशोर निखिल कुमार के अचानक लापता हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया है। मामले को लेकर परिजनों ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर अपहरण की आशंका जताई है। वहीं नवगछिया पुलिस ने भी बच्चे की तलाश को लेकर पोस्टर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खगड़ा गांव निवासी प्रवेश यादव उर्फ “छक्कू यादव” ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र निखिल कुमार बीते 21 मई 2026 की रात करीब 9 बजे से लापता है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही दो युवकों द्वारा उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि दोनों युवकों को निखिल के संबंध में पूरी जानकारी है, लेकिन वे लगातार परिजनों को गुमराह कर रहे हैं। परिजनों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इधर, नवगछिया पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की तस्वीर और जानकारी के साथ गुमशुदगी पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में बताया गया है कि निखिल कुमार, पिता प्रवेश यादव, निवासी खगड़ा, थाना परबत्ता, जिला भागलपुर, 21 मई से लापता है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा जारी मोबाइल नंबर 90318 28040 पर संपर्क कर सूचना दी जा सकती है।
पुलिस और परिवार की तलाश जारी
स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे के लापता होने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने भी बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

