नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा गांव में शनिवार की रात पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में घायल एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नगरपारा निवासी विक्की सिंह (60) पिता सुरेंद्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है।
रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर आरोपी निक्कू मंडल के घर जाने लगे, तभी पुलिस ने रोक दिया। इस पर परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण जुट गए और एंबुलेंस में रखे शव को घेरकर विरोध जताने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाकर हालात पर काबू पाया।
🔹 कुल्हाड़ी से हमला, फिर गोली मारने का आरोप
मृतक के भतीजे आदित्य कुमार ने बताया कि निक्कू मंडल, लिखो मंडल, पंकज मंडल और भौथा मंडल ने विक्की सिंह पर पहले कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया, फिर हाथ में गोली मार दी। गंभीर हालत में विक्की को पहले नारायणपुर सीएचसी, फिर मायागंज अस्पताल और बाद में सिलीगुड़ी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

🔹 आरोपी पक्ष ने कहा – नशे में आया था विक्की
दूसरी ओर आरोपी पक्ष का कहना है कि विक्की सिंह शराब के नशे में उनके घर आया और गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने बताया कि विक्की से उनका पैसे का लेनदेन था, जिसे ब्याज सहित चुका दिया गया था। विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ी और लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए थे।
🔹 शव रोकने पर भड़के परिजन, गोशाला में लगाई आग
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव को लेकर आरोपी के घर पहुंचे, तो पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने शीबा मंडल के गोशाला में आग लगा दी। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इलाके में फिलहाल पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
🔹 पुलिस बोली – शिकायत पर होगी कार्रवाई
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि यह घटना पैसे के विवाद से जुड़ी है। फायरिंग की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

