नवगछिया । अनुमंडल कार्यालय के सामने शुक्रवार को दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर मिथुन यादव की हत्या में जेल में बंद छोटू यादव गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता सामने आ रही है। मृतक के पिता श्रीकांत यादव के बयान पर बाइक के चालक, लतरा के राहुल यादव और रसलपुर के अजीत यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। घटना का कारण जमीन विवाद बताया गया है।

पहले भी राहुल यादव ने मांगी थी रंगदारी

पुलिस के अनुसार प्रॉपर्टी डिलिंग में करोड़ों का कारोबार करने के बाद मिथुन यादव के काफी दुश्मन हो गए थे। कहा जाता है कि छोटू यादव गिरोह के शातिर सदस्य पचास हजार के इनामी राहुल यादव और रसलपुर के अजीत यादव ने भी मिथुन यादव से उस समय रंगदारी मांगी थी। रंगदारी मांगे जाने के बाद मिथुन ने इसकीं शिकायत नवगछिया के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण को की थी। इंस्पेक्टर द्वारा लिखित शिकायत करने की बात पर मिथुन पीछे हट गया था। उसने मामले को रफा दफा करवा दिया था। मिथुन उस समय काफी परेशान रहता था।

काले रंग की बाइक से पहले भी हुई है हत्या

काले रंग की बाइक से पहले भी रंगरा ओपी क्षेत्र में हत्या हुई है। रंगरा पुलिस उस दौरान जोर शोर से बाइक चालक की तलाश में थी। एक बार फिर से उसी रंग की गाड़ी से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस बाइक चालक का पता लगा रही है।

सात बीघा जमीन से जुड़े लोगों पर भी है पुलिस की नजर

घटना के बाद इलाके में जिस सात बीघा जमीन के कारण मिथुन यादव की हत्या होने की चर्चा है पुलिस उस जमीन से जुड़े सभी लोगों पर नजर रखे हुए है। जमीन मालिक, जमीन के पार्टनर सभी से पुलिस पूछताछ कर सकती है। वहीं इलाके के शार्प शूटरों की गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

इलाके की जमीन से जुड़े सभी दबंग पुलिस के रडार पर

प्रॉपर्टी डीलर मिथुन यादव की हत्या में करोड़ों की जमीन विवाद का मामला सामने आने के बाद पुलिस इलाके के जमीन कारोबार से जुड़े सभी लोगों पर नजर रखे हुए है। सबकी गतिविधि की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जमीन के कारोबार में काफी ऊंचाई पर जाने के कारण उनके कई नजदीकी भी उनके दुश्मन हो गए थे। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। वहीं सीसीटीवी में आये चेहरे की भी पहचान की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *