नवगछिया : खरीक थाने में तैनात चौकीदार गणेशपुर निवासी प्रियांशु राज जमालदीपुर के युवक राबिन साह पर फर्जी तरीके से ट्रक हड़पने, मारपीट करने तथा तरह-तरह की धमकी देने का आरोप लगाते हुए झंडापुर ओपी में आवेदन दिया है। आवेदन में कहा है कि मैंने अपने नाम से एक ट्रक खरीदा था। बड़े भाई अमरेश कुमार की देखरेख में भाड़े पर ट्रक चलवाता था।
भाई और राबिन साह दोस्त हैं। दोनों एक-दूसरे से पैसे की लेन-देन करते थे। मेरे भाई ने उससे चार लाख रुपए कर्ज लिया था। जिसके एवज में भाई ने राबिन साह को किस्त भरने के शर्त पर ट्रक चलाने को दिया। लेकिन वह दो माह से किस्त जमा नहीं कर रहा था। इस कारण फाइनेंस कंपनी से किस्त जमा करने के लिए मुझे लगातार फोन आ रहा था। इसकी जानकारी मैं अपने भाई को दी तो, उन्होंने राबिन साह से किस्त जमा करने को कहा। काफी दबाव बनाने पर वह भाई को बिहपुर चौक पर बुलाया और उसके साथ मारपीट की।
मैं मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा में ड्यूटी करने बांका गया था। भाई ने मुझे फोन पर घटना की जानकारी दी। ड्यूटी से आने के बाद मैं राबिन साह से मिलने गया तो उसने मेरे साथ जाति सूचक गाली-गलौज की और कहा कि ट्रक मेरा है। तुम स्टांप पर मुझे लिख चुके हो। फर्जी तरीके से स्टांप तैयार कर स्टांप पेपर पर मेरा फर्जी हस्ताक्षर दिखाते हुए मुझे धक्का-मुक्की कर भगा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


