नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा बाजार में रविवार शाम मोबाइल छिनतई की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। यह वारदात शाम करीब 7:15 बजे हुई, जब दो अज्ञात हथियारबंद बदमाश एक हार्डवेयर व्यवसायी के घर में घुस आए और महिला से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
Total Downloads: 168
पीड़िता हार्डवेयर व्यवसायी श्रवण शर्मा की पत्नी हैं। उन्होंने बताया कि वह घर में अकेली मोबाइल चला रही थीं, तभी दो बदमाश अचानक घर में घुसे और गाली-गलौज करते हुए हथियार के बल पर उनका मोबाइल छीन लिया। जाते समय बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद डरी-सहमी महिला किचन में जाकर अंदर से कुंडी लगाकर बंद हो गईं। बाद में सड़क की ओर खिड़की खोलकर उन्होंने मदद के लिए चिल्लाया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने उनके पति को दुकान से घर बुलाया, जिसके बाद महिला कमरे से बाहर निकलीं।

सूचना मिलने पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर जुटे और बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन वे पहले ही फरार हो चुके थे।
भवानीपुर थाना प्रभारी शंभू कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
