नवगछिया: खरीक बाजार स्थित बाबा गणिनाथ धाम मंदिर में शनिवार को एक दिवसीय 21वां वार्षिक पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अनंत प्रसाद उर्फ टुनटुन साह, पूर्व जिला परिषद सदस्य सीमा गुप्ता, इंजीनियर नंदकिशोर साह, मुखिया इंदु देवी, प्रखंड प्रमुख दल्लू प्रसाद यादव, पत्रकार मनीष अकेला एवं समिति सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।
गणमान्यों ने रखे विचार
उद्घाटन के बाद संबोधित करते हुए टुनटुन साह ने कहा कि बाबा गणिनाथ धाम की महिमा के कारण यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। उन्होंने भव्य मंदिर निर्माण के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने की अपील की। पूर्व जिला परिषद सदस्य सीमा गुप्ता ने कहा कि बाबा गणिनाथ की महिमा सिर्फ बिहार ही नहीं, पूरे देश में विख्यात है। इंजीनियर नंदकिशोर साह ने इसे लोक संस्कृति और साहित्य का संगम स्थल बताया।
पुनरुत्थान पत्रिका के संपादक गोपाल भारतीय ने बाबा गणिनाथ की महिमा पर प्रकाश डाला। कटिहार से आए मनोज साह और मनीष अकेला ने मेला को विस्तारित करने और मंदिर परिसर के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। समारोह को निरंजन प्रसाद साह और शंकर प्रसाद साह ने भी संबोधित किया।

शोभायात्रा और सम्मान समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभा यात्रा से हुई, जिसमें गणिनाथ रथ लेकर खरीक बाजार से बम काली मंदिर तक नगर भ्रमण किया गया।
इसके बाद मंदिर परिसर में अभ्युदय का झंडोतोलन किया गया। खुले अधिवेशन से पूर्व मेधावी छात्र-छात्राओं को अंगवस्त्र, मेडल और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्था
पूजा समिति द्वारा गर्भगृह से लेकर पंडाल तक पंखा, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की बेहतरीन व्यवस्था की गई थी। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रात में ठहरने व भोजन-पानी की व्यवस्था भी की गई थी।
महोत्सव में वैशाली, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, बेगूसराय, जमालपुर, मधेपुरा, सहरसा, किशनगंज, अररिया, पटना समेत बिहार के कई जिलों से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन समिति की भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के सूचना मंत्री परशुराम साह, अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साह, उपाध्यक्ष अशोक साह, कोषाध्यक्ष महेश साह, युवाध्यक्ष विनोद कुमार, युवा सचिव प्रिंस कुमार, महिला अध्यक्ष रेणु देवी, संयोजक शंकर प्रसाद साह, पिंकू साह, मुखिया प्रतिनिधि विजय साह, निरंजन साह सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

