नवगछिया /भागलपुर : सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सक्रिय सॉल्वर गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कदाचार के लिए परीक्षार्थी को ब्लूटुथ उपलब्ध कराने वाले गैंग के एक सदस्य को नवगछिया के खरीक से गिरफ्तार किया गया है। खरीक पुलिस ने खरीक बाजार के रहने वाले अमित कुमार यादव को सोमवार को गिरफ्तार कर जोगसर पुलिस के हवाले किया जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। रविवार को परीक्षा के दौरान ब्लूटुथ के साथ पकड़े गए परीक्षार्थी खरीक बाजार के ही रहने वाले मो आफताब आलम को भी सोमवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में परीक्षार्थी ने बताया था, 20 हजार लेकर उपलब्ध कराया था ब्लूटुथ
रविवार को परीक्षा के दौरान जिला स्कूल में परीक्षा में शामिल हुए और ब्लूटुथ के साथ पकड़े गए मो आफताब आलम से डीएसपी सिटी अजय कुमार चौधरी और सदर एसडीएम धनंजय कुमार ने पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान ही परीक्षार्थी ने बताया था कि खरीक के रहने वाले अमित कुमार यादव ने नकल करने के लिए उसे ब्लुटूथ उपलब्ध कराया था। इसके लिए अमित ने आफताब से 20 हजार रुपये नगद देकर एक अन्य लड़के को दिया था और उससे अपने खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को जब्त कर लिया और और तकनीकी शाखा उसकी जांच कर रही है।
परीक्षा से दो दिन पहले आफताब के लॉज में आकर रुका था अमित
परीक्षा के दौरान पकड़े गए परीक्षार्थी आफताब ने पुलिस को बताया है कि परीक्षा से दो दिन पहले अमित यादव उसके पास आया और उसी के लॉज में भी रुका। अमित ने आफताब को यह भी बताया था कि वह भी सिपाही भर्ती की परीक्षा में शामिल हो रहा है और मुस्लिम हाई स्कूल में उसका सेंटर है। डीएसपी और एसडीएम अमित की तलाश में रविवार को मुस्लिम हाई स्कूल भी गए पर वहां उस नाम का कोई परीक्षार्थी नहीं मिला। इस बात की आशंका जताई गई है कि आफताब का विश्वास जीतने के लिए उसने खुद परीक्षा देने की झूठी कहानी उसे बताई।

सॉल्वर गिरोह में और कितने?
पहले परीक्षार्थी के ब्लूटुथ के साथ पकड़ा जाना। फिर उसकी निशानदेही पर खरीक से सॉल्वर गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी। अब सवाल है कि इस गिरोह में और कितने शामिल हैं। जाहिर सी बात है कि सिर्फ ब्लूटुथ उपलब्ध कराने के लिए परीक्षार्थी से 20 हजार नहीं लिए गए होंगे। उनसे परीक्षा में पास कराने का ठेका लिया गया होगा। पुलिस आरोपी अमित के मोबाइल की जांच कर रही है। उसके मोबाइल से कई राज सामने आ सकते हैं। परीक्षा से पहले और बाद में आरोपी की किन लोगों से बात हुई इसको लेकर सीडीआर भी निकाला जाएगा। डीएसपी सिटी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि परीक्षार्थी के पकड़े जाने के बाद उसकी निशानदेही पर ही खरीक से एक और की गिरफ्तारी हुई है। इस गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं इसकी जांच की जा रही है। आरोपी के मोबाइल को जब्त कर उसकी जांच की जा रही है।

