कदवा दियारा पंचायत के बगड़ी टोला में श्राद्ध का भोज खाने से लगभग 100 लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं, जबकि सैकड़ों लोग सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित हैं। गांव में तीन-तीन श्राद्ध था जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भोज खाया। भोज में बाहर से भी लोग आए थे। यहां पर पहला श्राद्ध दस दिन पूर्व हुआ था। इसी घर और उसके आसपास के लोग संक्रमित हुए हैं। गांव में जब एकाएक दर्जनों लोग सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित होने लगे तो उसमें एक आशा भी पूरे परिवार के साथ संक्रमित थी। आशा के कहने पर अनुमण्डल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ बरुन ने गांव में शिविर लगाकर जांच करवायी तो पहले दिन 171 लोगों की जांच की गई तो 37 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 37 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया। जांच करनेवाले स्वस्थ्यकर्मियों का कहना था कि वहां पर छह से सात सौ लोग बीमार हैं।
Total Downloads: 171
डीएस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद सीएस के निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें वहां भेजी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 254 लोगों की जांच की जिसमें 55 पॉजिटिव पाए गए।

पॉजिटिव मरीज मिलने पर भोज बैंड कराया गया
बगड़ी टोला में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद श्राद्ध का होनेवाला तीसरा भोज बन्द कराया गया। अगर प्रशासन ने भोज पहले ही बन्द कराया होता तो इतने लोग कोरोना पॉजिटिव नहीं होते।
भोज में जुटते थे 500 लोग, प्रशासन के लोग भी होते थे शरीक
बगड़ी टोला में हाल में श्राद्ध का तीन भोज हुआ, जिसमें 500 लोग भोज खाने आये थे। पंगत में सैकड़ों लोगों को बिठाकर भोज खिलाया गया। स्थानीय निवासी माले नेता रामदेव सिंह ने कहा कि श्राद्ध का भोज महंगा पड़ गया जिसका खामियाजा इलाके के लोग भुगतेंगे। उन्होंने कहा कि यहां पर तीन-तीन बड़ा भोज का आयोजन किया गया। जिसमें 500 से अधिक लोगों ने खाया। शादी में 20 लोग के सरकारी नियम की धज्जियां उड़ाते हुए 500 लोगों ने भोज खाया। इस दौरान न मास्क का प्रयोग हुआ और न सोशल डिस्टेन्स का। प्रशासन के लोग कार्रवाई करने की बजाय भीड़ में बैठकर भोज खाते थे। कोरोना के गाइडलाइन का धड़ल्ले से उल्लंघन हुआ।
मुखिया अशोक सिंह ने कहा कि सभी पीड़ित लोगों को दवाई दी गयी है। प्रभावित इलाके को बैरियर से घेर दिया गया है। कोई वहां से बाहर नहीं जा सकता है। डीएस डॉ बरुन ने बताया कि सभी कोरोना पॉजिटिव को आइसोलेट कर दिया गया है और दवाई दी गयी है। सोमवार को भी चार टीम कदवा बगड़ी टोला जाकर जांच करेगी।

