नवगछिया : पवित्र सावन माह के पहले सोमवार को बिहपुर के मड़वा ब्रजलेश्वरनाथ धाम में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों की गूंज रही। स्थानीय निवासी गोपाल चौधरी के अनुसार, लगभग 30,000 डाकबम सहित एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोले को जल अर्पित किया।
Total Downloads: 165
डाक बम रविवार की देर रात अगुवानी गंगा घाट से जल लेकर 40 किलोमीटर पैदल यात्रा कर सोमवार की सुबह मड़वा पहुंचे। झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर और गर्भगृह में सीसीटीवी, पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी।
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए। मंदिर को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया, और बैरिकेडिंग, पार्किंग, रोशनी, चिकित्सा सुविधा सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। बिहपुर अंचलाधिकारी ने नन्हकार गंगा घाट पर प्रकाश व्यवस्था की, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान करने में कोई असुविधा न हो।

