खरीक | सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन के दौरान नागर टोला में शुक्रवार की देर रात एक युवक ने गांव की ही एक महिला पर गुलाल फेंक दिया। इससे आक्रोशित महिला के परिवार वाले लाठी-डंडे लेकर युवक के घर पहुंचे और पूरे परिवार को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। घायलों में दो महिला, एक किशोरी समेत नौ लोग शामिल हैं।
परिजन घायलों को इलाज के लिए खरीक पीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने सभी को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में शंकर राय (45), मीरा देवी (40), सुमन राय (38), सन्नी कुमार (20),
शिवम कुमार (15), कविता देवी (35), शिरोमणि देवी (65), संजना कुमारी (13) और रवि कुमार (35) शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति गंभीर है। मामले को लेकर घायल ने पुलिस को आवेदन दिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


