नवगछिया अंतर्गत मोहनपुर गांव में बुधवार की रात को जमकर गोलीबारी हुई. जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी है. यह गोलीबारी उस दिन हुई है जिस दिन नवगछिया में नए एसपी ने कार्यभार संभाला है. अपराधियों ने अपने बुलंद हौसले को दिखाते हुए एकतरह से नये पुलिस कप्तान को चुनौती भी दे दी है.
Total Downloads: 166
गांव में गोलीबारी, एक की मौत
भवानीपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में बीती रात करीब 10 बजे आपसी रंजिश में अपराधियों ने स्थानीय डब्लू शर्मा के घर में घुसकर गोलीबारी की. घटना में डब्लू शर्मा की मौत गोली लगने से हो गई. जबकि बीच बचाव करने आई सुनीता देवी को भी अपराधियों ने गोली मार दी. वहीं एक अन्य महिला नूतन देवी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.
मृतक के परिजनों का बयान
मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी अक्सर रात में आकर हंगामा करते थे. मना करने पर उन्होंने घर में घुसकर हमला कर दिया. गोलीबारी में डब्लू शर्मा के सीने में गोली लग गयी और उसकी मौत हो गई. वहीं इस घटना से स्थानीय लोगों में भय है और ग्रामीण आक्रोश में हैं. लोगों का कहना है कि पुलिस का भय खत्म होने पर ही अपराधी इस तरह बेखौफ होकर गोलीबारी कर सकते हैं.

पुलिस मामले की जांच में जुटी
वहीं इस घटना की जांच में पुलिस जुट गयी है. पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, एसपी के कार्यभार संभालने के बाद पहले दिन ही इस तरह की घटना का होना पुलिस के लिए चुनौती भी है.
