भागलपुर व नवगछिया के बीच जाम की स्थिति धीरे-धीरे कष्टदायक होने लगी है। जाम में सात-आठ घंटे फंसे रहने के बाद अब नवगछिया, पूर्णिया, कटिहार के लोग भगलपुर जाने के नाम से भय खाने लगे हैं।
Total Downloads: 182
गुरुवार को विक्रमशिला सेतु एवं पहुंच पथ पर ट्रक के ओवरटेक करने से सुबह सात बजे से देर शाम तक जाम की समस्या बनी रही। इस दौरान भागलपुर आने-जाने वाले यात्री जाम में घंटों फंसे रहे। किसी की ट्रेन छूट गयी तो किसी की परीक्षा छूटी। जाम बढ़ते बढ़ते नवगछिया से रंगरा और नारायणपुर तक पहुंच गयी थी।
ट्रक के ओवरटेक करने से भारी वाहनों के अलावा बड़ी संख्या में बस, ऑटो, सवारी गाड़ी, एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवा के कई वाहन जाम में घंटों फंसे रहे। दोपहर के बाद स्थानीय प्रशासन की मदद से वन-वे परिचालन आरंभ किया गया।

भागलपुर से यात्रा करने वाले करा रहे टिकट कैंसिल
भागलपुर से ट्रेन में जिनके टिकट थे वे टिकट कैंसिल करवाकर नवगछिया से गुजरनेवाली ट्रेनों में करवा रहे हैं। शादी-विवाह में भी भागलपुर जाने से रिश्तेदार मना करने लगे हैं।
जाम में फंसे पदाधिकारी ले रहे बाइक का सहारा
जाम के कारण कई पदाधिकारी भी परेशानी का सामना कर रहे हैं। जाम के कारण विधि व्यवस्था में भी काफी परेशानी हो रही है। किसी आवश्यक कार्य में या बैठक में भाग लेने के लिए जाम से बचने के लिए बाइक का सहारा ले रहे हैं। बैठक में जाने वाले बीडीओ, सीओ भी भगलपुर बाइक से ही आ-जा रहे हैं।

