नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियामोड़ के पास पारिवारिक विवाद में एक 21 वर्षीय युवती ने आत्महत्या की कोशिश की। दो बहनों के बीच हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर युवती ने घर में रखा एसिड पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवती को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान अजर खातून (21) के रूप में हुई है।
घायल के पिता सुब्बी आलम ने बताया कि घरेलू बातों को लेकर दोनों बहनों के बीच कहासुनी हो रही थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अजर खातून ने एसिड पी लिया। एसिड सेवन के तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

डॉक्टरों के अनुसार, एसिड के कारण युवती के आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे विशेष निगरानी में रखा गया है और आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।
घटना की सूचना नवगछिया थाना को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

