नवगछिया : नवगछिया और इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में परबत्ता के बहत्तरा निवासी तीस वर्षीय पंचलाल सहनी और इस्माइलपुर के गोवर्धन बासा निवासी इंद्रदेव मंडल की तीन वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी शामिल हैं।
Total Downloads: 383
नवगछिया नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एनएच 31 पर बस स्टैंड के समीप ट्रक ने पंच लाल साहनी को धक्का मार दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उक्त युवक मछली का बीज खरीदने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना पर युवक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। इस्माइलपुर के केलाबाड़ी के पास मंगलवार को एक ट्रैक्टर तेज गति के कारण अचानक अनियंत्रित हो गया, जिसकी चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई।

बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी। तभी यह हादसा हो गया। स्वजनों और स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। चालक मौके से भाग निकला। इन हादसों से पंचलाल सहनी और वैष्णवी कुमारी के घर में कोहराम मचा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस्माइलपुर थानाध्यक्ष प्रेम साह ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ जांच बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

