नवगछिया : नवगछिया के वार्ड-22 के जन वितरण प्रणाली के दुकानदार पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए। उनकी दुकान से सुबह 8 बजे ट्रैक्टर पर करीब 100 बोरा अनाज निकला तो ग्रामीणों ने इसके कालाबाजारी की आशंका में एसडीएम यतेंद्र पाल को जानकारी दे दी। इसके बाद हरकत में आए एसडीएम ने एमओ को भेजा।
Total Downloads: 102
प्रशासन ने मकंदपुर चौक और रंगरा के बीच पुलिस के जरिए ट्रैक्टर को पकड़ लिया। अनाज कुरसेला की ओर भेजा जा रहा था। पुलिस ट्रैक्टर समेत अनाज थाने ले आई। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
एमओ सजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया अनाज बेचने के लिए जाने की जानकारी नहीं है। एमडीएम का चावल था। उसे तय स्थान पर भेजा जा रहा था। एसडीएम यतेंद्र पाल ने बताया कि ग्रामीणों ने डीलर की शिकायत की थी। अवैध रूप से अनाज बेचने की शिकायत पर जांच के लिए ट्रैक्टर पकड़ा है। अभी जांच चल रही है। जांच के बाद ही मामला साफ होगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।

ग्रामीणों ने की थी शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को पीडीएस दुकान की जांच नवगछिया प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सजन कुमार ने की थी। इसमें 80 बोरा अनाज ज्यादा मिला था। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी कि यह अनाज खपाने के लिए डीलर ने सुबह में ट्रैक्टर कुरसेला की ओर भेजा। इसी सूचना पर एसडीएम हरकत में आए और तत्काल पुलिस ने ट्रैक्टर पकड़ लिया। बता दें कि पहले भी ग्रामीणों ने एसडीएम से डीलर की शिकायत की थी। इधर, राजद युवा जिलाध्यक्ष कांतेश यादव ने कहा, एमओ से बात हुई है। उन्होंने जांच के बाद सब साफ होने की बात कही है।
