नवगछिया के राजेन्द्र कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल के बीच श्री श्री 108 श्री राम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से संध्या 7 बजे तक कथा का रसपान कराया जाएगा।
इस धार्मिक कार्यक्रम के मुख्य कथा व्यास पंडित धनंजय शास्त्री जी हैं, जो अपने मधुर वाणी और रामकथा के गूढ़ ज्ञान से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन बालाजी महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है।
कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है।

स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा सुनने पहुंच रहे हैं और भक्ति भाव में डूबकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राम कथा का लाभ उठाएं।

