नवगछिया । खरीक प्रखंड के भवनपुरा पंचायत के मैरचा गांव में रविवार से शुरू हुआ कटाव धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। जिससे लोग दहशत में हैं। कोसी नदी के किनारे स्थित उपजाऊ जमीन लगातार कटकर कोसी नदी में समा रही है।
हालांकि, दूसरे दिन कोई घर नहीं कटा है। किन्तु कई घरों पर खतरा बढ़ गया है। वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा तत्काल फ्लड फाइटिंग का कार्य शुरू कराया गया। किन्तु पंसस पति संजय मंडल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कार्य शुरू होने के बाद भले ही कोई नया घर नदी में नहीं समाया है लेकिन कटाव जारी है।
कार्य और तेज गति से कराने की जरूरत है। वहीं विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि फ्लड फाइटिंग का कार्य शुरू करा दिया गया। गांव को बचाने के लिए हरसंभव जरूरी प्रयास किया जाएगा।


