जमीन विवाद में रंगरा के चापर दियारा निवासी एक ट्रैक्टर चालक को अपराधियों ने घर से बुलाकर पहले पीठ में गोली मार दी और इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात रविवार की रात कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र चापर दियारा बहियार की है। जहां अपराधियों ने मानिल लाल दास के बेटे बबलू मंडल (22) को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद अपराधियों ने शव को एक बगीचे में फेंक दिया।

सुबह कुछ लोगों ने शव को देखा और परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद रंगरा और कुरसेला दोनों थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। घटनास्थल कुरसेला क्षेत्र में होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजा और पोस्टामर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कुसरेला पुलिस ने बताया कि लोगों से पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में हत्या का मामला सामने आ रहा है। वहीं परिजन जमीन विवाद में हत्या की बात कह रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की तहकीकात कर रही है।

इधर, मृतक की भाभी मुंगो देवी ने बताया कि रविवार शाम बबलू ट्रैक्टर चलाकर घर आया और खाना खाकर दरवाजे पर सो गया। देर रात किसी ने फोन किया। इसके बाद वह थोड़ी देर में आने को कह चला गया। देर रात तक जब घर नहीं लौटा तो हमने उसकी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली। बबलू की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बबलू चार भाइयों में सबसे छोटा था और ट्रैक्टर चलाकर परिवार की सहायता करता था।

हत्या के सभी बिंदुओं पर तहकीकात कर रही है पुलिस

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया है। जमीन विवाद या प्रेम प्रसंग सहित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। किसी भी सूरत में हत्यारे को बख्शा नहीं जाएगा। – शदाबुल हक, थानाध्यक्ष, कुरसेला

परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के भाई नरेश कुमार मंडल ने बताया कि गांव के ही परशुराम दास, लड्डू दास ने जमीन विवाद को लेकर साजिश के तहत मेरे भाई बबलू मंडल की हत्या की है। उन्होंने बताया कि घर के रास्ता के लिए एक लाख में एक कट्ठा जमीन परशुराम दास से खरीदने की बात हुई थी। पैसे देने के बाद भी उसने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की है। इसी को लेकर विवाद चल रहा है। उपरोक्त लोगों को 107 में भी नामजद किया गया था। दो दिन पहले परशुराम दास ने बबलू को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इधर, पुलिस तहकीकात में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बबलू का पड़ोस के ही एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था। 19 नवंबर को लड़की की शादी होने वाली थी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu