नारायणपुर : झंडापुर थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर स्थित रेललाइन के बगल में पानी भरे गड्ढे में डूबने से पशुपालक की मौत हो गई। घटना सोमवार की शाम करीब पांच बजे की है। मरने वाले की पहचान मड़वा गांव निवासी कैलाश मंडल उर्फ कैलू (70), पिता स्व. दुधाय मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कैलाश पानी भरे गड्ढे के किनारे मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान वे असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने दो घंटे बाद शव को निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी सहित पुत्र शंभू मंडल, संचित मंडल, डब्लू मंडल व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम लिए भेज दिया गया।


