ईयर फोन लगाकर ट्रैक पर एक युवक सेल्फी ले रहा था। इसी बीच स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। घटना कटिहार-बरौनी रेलखंड के बिहपुर स्टेशन के पूर्वी केबिन से 500 मीटर आगे डाउन ट्रैक पर गुरुवार दोपहर की है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के शेख टोला निवासी स्व. अशफाक के 22 वर्षीय पुत्र मो. राजा के रूप में की।
इसके बाद परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे जिसके मृतक के परिजन समेत ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे और शव को उठाकर घर ले गए। परिजनों ने बताया कि मो. राजा की शादी 9 दिन पहले हुई थी। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक की मां फरजीना खातून, पत्नी नुजहत खातून समेत पूरा परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

9 दिन पहले हुई थी शादी, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
मो. राजा की शादी 15 सितंबर को पूर्णिया जिले के बांकी गांव में धूमधाम से हुई थी। नई नवेली दुल्हन नुजहत के हाथों की मेंहंदी का रंग छूटा भी नहीं था कि उसकी दुनिया उजड़ गई। मो. राजा एक-दो दिन में पत्नी के साथ ससुराल जाने वाला था। इसी बीच इस दुखद घटना ने जहां परिवार समेत पूरा ग्रामीणों को झकझोर दिया, वहीं नई-नवेली दुल्हन की दुनिया उजड़ गई। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। महिलाएं उसे सांत्वना दे रही थी। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था।


