नवगछिया । रंगरा ओपी थाना क्षेत्र के सहोरा में मंगलवार की रात लड़का बदलकर सुंदर लड़की के साथ शादी करने के विरोध में लड़की के चचेरे भाई राजू यादव की हत्या मामले में दो महिला सहित सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रंगरा थानाध्यक्ष बिटटू कमल के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी।

एसपी सुशांत कुमार सरोज ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि आरोपी हीरालाल यादव, मुकेश यादव दोनों पिता कोकणी यादव, कोकण यादव पिता स्वर्गीय यादव, सौरभ कुमार रणधीर यादव दोनों पिता हीरालाल यादव, सुलेखा देवी उर्फ रीता देवी पति हीरालाल यादव, सविता देवी पति मुकेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक खोखा और एक विंडोलिया बरामद किया गया।

गांव में मातम छाया: लड़की के घर पर शादी में आई घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। राजू की पत्नी स्वीटी देवी बदहवास थी। वह अपने पति के शव को देखते ही बेहोश हो गयी। स्वीटी की शादी 2021 में राजू से हुई थी। अभी तक बाल बच्चे भी नहीं हुये थे कि उसकी बगिया उजड़ गयी। उसका माली सदा के लिए उसका साथ छोड़ कर चला गया। उसने फुट-फुटकर रोते हुए कहा कि जिसने मेरे निर्दोष पति की हत्या कर मेरी जिंदगी बर्बाद की है उसे फांसी से भी बड़ी सजा मिले। वहीं मृतक के पिता प्रेमलाल यादव बुत बने बैठे थे, जबकि मां सविता देवी फुट-फुटकर रोये जा रही थी। कह रही थी कि केन जीबै हो बाबू, कमाई के खाय रहिए घर घुसी के हमरो लाल के मारी देलकै हो बाबू। पिटाई से घायल कारेलाल यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया से उसे मायगंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया।

कारेलाल यादव ने बताया कि वे लोग गरीब परिवार से हैं। तिलक दहेज नहीं दे सकते थे। मेरी चचेरी बहन अंजली देखने में सुंदर थी। सुंदर लड़की देखकर बन्देहरा से लोग देखने आए। बात हुई और फिर लड़का देखने हमलोग गए तो सुंदर लड़का दिखाया। गांव में पांच आदमी के बीच शादी की बात हुई कि पांच-सात आदमी आकर साधारण रूप से शादी कर लेंगे। जब शादी करने आये तो लड़का दूसरा था। हमलोगों ने जब शादी करने से इनकार किया तो मुकेश यादव ने कहा कि शादी नहीं होने से दोनों जगह बेइज्जती होगी। इसीलिए शादी करनी होगी। इस पर बहस होने पर वह गाली गलौज करने लगा। हमारे परिवार के लोग शादी में लगे थे। इसी बीच मुकेश यादव और हीरो यादव मेरे बड़े भैया और मुझे लाठी से मारने लगा। भैया को मारकर जमीन पर गिरा दिया। जब भैया की पिटाई छोटा भाई राजू बर्दाश्त नहीं कर सका और भीड़ गया। इस पर मुकेश यादव और हीरो यादव दोनों ने मिलकर एक-एक गोली राजू यादव को मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।

गांव में दहशत का माहौल डरे सहमे हैं लोग

सहोरा में घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोग डरे सहमे हैं। कोई कुछ बोलने से परहेज कर रहा है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव पहुंचने पर एक साथ सैकड़ों आंखों से आंसू छलक पड़े। महिलाओं की चीख पुकार से माहौल मातम था। शादी में आयीं महिलाएं दहाड़ मारकर रोये जा रही थीं। शव यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

सिर चढ़कर बोलता है दोनों भाइयों का आतंक

: गांव में लोगों ने दबे स्वर में कहा कि दोनों भाइयों द्वारा सैकड़ों लोगों के सामने गोली मारी गयी। दोनों को पुलिस प्रशासन का भय नहीं है। जब मन होता है किसी पर भी गोली चला देते हैं। दोनों का कोसी दियारा में आतंक है, जिससे किसान परेशान रहते हैं। दोनो पर भूदान की जमीन कब्जा करने का भी आरोप ग्रामीणों ने लगाया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *