नवगछिया के प्रभारी एसपी सह एसएसपी भागलपुर आशीष भारती ने गुरुवार को नवगछिया एसपी कार्यालय में पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक कर बढ़ रहे अपराध की समीक्षा की। इस क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने पुलिस जिले के सभी थानेदारों को अपराध पर लगाम लगाने का पाठ पढ़ाया और दर्ज आपाराधिक मामलों को तेजी से निपटारा करने का निर्देश दिया। ट्रैफिक की समस्या को लेकर पुलिस पदाधिकारियों से रायशुमारी की।
एसएसपी ने कहा कि नवगछिया पुलिस ने पिछले माह अच्छा कार्य किया है। पिछले माह हत्या की एक मात्र घटना हुई है। पिछले माह रंगरा में एक हत्या व एक दंगे की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली है। कुछ अभी भी फरार चल रहे हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावे इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में एक लूट की घटना हुई थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। विधि व्यवस्था को लेकर कही से भी कोई गंभीर स्थिति नहीं है। विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। इस दौरान एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती सहित सभी थानाें के थानाध्यक्ष मौजूद थे।

विक्रमशिला सेतु व पहुंच पथ के अलावे एनएच-31 पर लगाने वाले जाम को लेकर एसएसपी ने समीक्षा के बाद जाम से निपटने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जाम न लगे इसको लेकर सड़कों पर लगातार पुलिस गश्ती व वाहनों के ओवरटेक करने पर वैसे वाहनों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। कहा कि जाह्नवी चौक टीओपी में जवान को क्लोज किया गया था। पर टीओपी में तीन अतिरिक्त डीएपी के जवान को प्रतिनियुक्त किया गया है। गुरुवार को संध्या समय तक टीओपी में तीनों जवन पहुंच जाएंगे। इसके अलावा 15 होमगार्ड जवान टीओपी को दिए गए हैं।
शहर में अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही है जाम की समस्या
नवगछिया नगर में आए दिन उत्पन्न हो रही जाम की समस्या की जानकारी एसएसपी ने नवगछिया थानाध्यक्ष से ली। बताया कि मुख्य रूप से सड़कों के अतिक्रमण कर लिए जाने से जाम की समस्या है। इस संदर्भ में नवगछिया थानाध्यक्ष को सीओ के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने एसडीपीओ को एसडीओ के साथ इस विषय पर समीक्षा कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने काे कहा।


