बिहपुर। मनोहरपुर जा रहे शिक्षकों से भरा टोटो नेपाली यादव के बासा से आगे अनियंत्रित होकर पलट गया। मध्य विद्यालय मनोहरपुर की शिक्षिका सजौर निवासी राकेश कुमार की पत्नी रंजना व उनकी पांच वर्षीय पुत्री प्राव्या प्रांजल घायल हो गयी। अन्य सवार शिक्षकों को भी चोट आयी। सूचना पर ग्रामीणों के सहयोग से घायल शिक्षिका व उनकी बेटी को निजी वाहन से पीएचसी नारायणपुर पहुंचाया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ विनोद कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने कहा कि शिक्षिका के दायें हाथ की हड्डी टूट गयी है। उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज रेफर कर दिया गया है। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं।

नल-जल योजना से भरी जा रही टंकी

बिहपुर। बिहपुर-जमालपुर पंचायत में पीएचएस विभाग के कनीय अभियंता मंटू कुमार द्वारा नल-जल योजना के पानी सप्लाई की जांच की गई। जांच में पाया गया कि बिहपुर-जमालपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर छह की प्रीती देवी एवं पूनम देवी, वार्ड नौ के मुकेश कुमार के घर में नल-जल योजना से सप्लाई की जानेवाली पाइप में टुल्लू पंप जोड़कर टंकी भरी जा रही है। इनलोगों को नोटिस दिया जाएगा। पांच हजार जुर्माना व मोटर जब्त किया जायेगा। जुर्माना नहीं देने पर सभी पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

नुरुद्दीनपुर दुधैला में आग लगने से भूसा घर जला

बिहपुर। शहजादपुर पंचायत के नुरुद्दीनपुर दुधैला गंव में शुक्रवार करीब डेढ़ बजे राख के ढेर में छिपे आग से छह भूसा घर जल गये। नाथनगर से छोटी दमकल गाड़ी घटनास्थल पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। पूर्व मुखिया रुपेश मंडल ने बताया की आग से नुरुद्दीनपुर दुधैला निवासी अवधेश मंडल, पंकज मंडल, नरेश मंडल, सुबोध मंडल, बिपिन मंडल, शंकर मंडल का भूसा घर जला है। रुपेश मंडल ने सीओ विशाल अग्रवाल से दूरभाष पर बातचीत कर मुआवजे की मांग की है।

गोलीकांड का आरोपित गिरफ्तार

बिहपुर। बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरपारा पूरब पंचायत के भ्रमरपुर सतियारा गांव में बीते गुरुवार को हुए गोलीकांड को लेकर बिहपुर थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात की गई छापेमारी में नामजद अभियुक्त विकास कुमार को गिरफ्तार करते हुए न्ययित हिरासत में जेल भेज दिया गया।

विक्षिप्त नाबालिग के साथ छेड़खानी

बिहपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के कोसी दियारा के लग्जरा धार के समीप बासा पर एक किसान की 11 वर्षीय विक्षिप्त पुत्री के साथ मनोहरपुर के वृद्ध नागो शर्मा ने छेड़खानी की। भवानीपुर थाना में पीड़ित बच्ची के परिजनों ने मनोहरपुर गांव के नागे शर्मा और नंदलाल शर्मा पर छेड़खानी करने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज करायी है। भवानीपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *