नवगछिया । एनजीओ समाज उन्नति समूह के एजेंट द्वारा ऋण वसूली के 10 लाख रुपये से अधिक की राशि लेकर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही समूह की महिलाओं ने केनरा बैंक आकर हंगामा किया। महिलाओं ने बताया कि एनजीओ समाज उन्नति समूह में महिलाओं को केनरा बैंक के माध्यम से ऋण दिलाया जाता था। एक समूह में छह महिलाएं होती थीं।
Total Downloads: 79
इन महिलाओं के विकास के लिए प्रत्येक महिला को 30 हजार से 60 हजार रुपये तक बैंक के माध्यम से एनजीओ समाज उन्नति समूह द्वारा ऋण दिलवाया जाता था। किंतु एजेंट द्वारा ऋण वसूली कर बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया था। बाद में एजेंट ऋण वसूली का रुपया लेकर फरार हो गया। ऋण वापस नहीं मिलने पर बैंक द्वारा समूह की महिलाओं को नोटिस जारी किया गया। नोटिस मिलने के बाद महिलाओं ने बैंक आकर पता किया तो बताया गया ऋण वसूली का रुपया जमा नहीं किया गया है।
बैंक मैनेजर पर मिलीभगत का आरोप
महिलाओं का कहना था कि हम लोग प्रत्येक माह ऋण एजेंट के माध्यम से जमा करते थे। हम लोगों के पास एजेंट ही ऋण वसूल करने के लिए आता था। महिलाओं ने ढाई लाख रुपये ऋण लिया था। ऋण का पूरा रुपया एजेंट के माध्यम से जमा कर दिया था, किंतु बैंक में अभी भी ऋण का रुपया बकाया दिखाया जा रहा है। रेणू देवी सहायता समूह की महिलाओं ने डेढ़ लाख रुपये ऋण लिया था। महिलाओं ने एजेंट के माध्यम से 30 हजार रुपये जमा किया, किंतु बैंक में ऋण बकाया दिखाया जा रहा है।

महिलाएं खुश्बू खातून, सीमा खातून, शबनम खातून, शहनाज खातून, सुनीता देवी, मंजू देवी, नीलम देवी, ज्योति देवी, रिंकी देवी ने बताया कि एजेंट के ऋण वसूली कर बैंक में रुपये जमा नहीं किया गया। बैंक मनैजर की मिलीभगत से एजेंट रुपये का गबन किया है। केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक विद्यापति ठाकुर से इस संबंध में बात की गयी तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। नवगछिया थानाध्यक्ष भारत भूषण ने बताया कि पीड़ित महिलाओं द्वारा कोई भी आवेदन थाना को नहीं मिला है। इस संबंध में पीड़ित महिलाएं आवेदन देती हैं तो पुलिस मामले की जांच कर आरोपित पर कार्रवाई करेगी।
