नवगछिया । खरीक थाना के तुलसीपुर के सरपंच गोविंद कुमार पर रविवार की देर रात एक महादलित युवक पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए नवगछिया एससी-एसटी थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में युवक संदीप कुमार ने कहा है कि रविवार की देर रात उसकी मां पड़ोस के शादी समारोह से घर आ रही थी। इसी दौरान मेरे घर के समीप गली में मेरी मां को सरपंच ने जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
Total Downloads: 79
बताया कि आवाज सुनकर वह वहां आया और सरपंच को मना किया तो उसके साथ हाथापाई करने लगा। जिसके दौरान वह उससे छुड़ा कर भागने लगा तो सरपंच ने फायरिंग कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। युवक का आरोप है कि कुछ देर बाद सरपंच के बड़े भाई गौतम कुमार ने उसके पिता रामानंद दास के मोबाइल पर फोन कर धमकी देते हुए कहा कि जो हुआ, वह भूल जाओ। केस किया तो पूरे परिवार को जान मार देंगे।
इधर सरपंच ने बताया कि सभी आरोप पूरी तरह निराधार है। मुझे राजनीति के तहत फंसाया जा रहा है। आवेदक का भाई दिलखुश कुमार शराब के नशे में धुत होकर शादी समारोह के स्थल पर हंगामा मचा रहा था। जिसे मैं डांट-डपट किया तो मुझ पर झूठा आरोप लगा रहा है। वहीं, एससी-एसटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।

