नवगछिया। परबत्ता थाना के साहू परवत्ता में लोहे के रड से पिटाई के बाद घायल बुजुर्ग की मौत हो गयी है। मृतक साहू परबत्ता निवासी उमेश पासवान(60) है।
Total Downloads: 79
मृतक की पत्नी चंचला देवी के बयान पर परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें निज टोला साहू परवत्ता निवासी रामचंद्र पासवान को नामजद आरोपित बनाया है। पीड़िता चंचल देवी ने परवत्ता थाना की पुलिस को बताया कि मेरे पति उमेश पासवान राजमिस्त्री का काम करते हैं 19 जून को पड़ोसी कोको पासवान के घर काम के संबंध में बात करने गए थे। कोको पासवान के घर से वापस लौट रहे थे कि वहां पर पहले से घात लगाए रामचंद्र पासवान ने मेरे पति को जान मारने की नियत से लोहे के रड से हमला कर दिया, जिससे मेरे पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मेरे पति के सिर, पीठ व शरीर के अन्य भाग को लोहे के रॉड से मार कर जख्मी कर दिया था।
उनका सिर फट गया था और खून से लथपथ होकर वहां पर बेहोश होकर गिर पड़े थे। सूचना मिलने पर वह वहां पहुंची और लोगों की मदद से पति को घर लाई। ग्रामीण चिकित्सक से उसका इलाज करवाया। दो दिनों तक इलाज के बाद इलाज के दौरान शरीर से अधिक खून निकलने की वजह से मेरे पति की मौत हो गई। घटना की सूचना बुधवार को परबत्ता थाना की पुलिस को दी। परबत्ता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

परबत्ता थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने बताया कि रामचंद्र पासवान मानसिक रूप से परेशान है। वह अक्सर गांव के लोगों को साथ मारपीट किया करता था। उमेश पासवान के साथ भी मारपीट किया, किंतु घायल उमेश पासवान के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी और न ही अस्पताल में उमेश पासवान को इलाज के लिए भर्ती करवाया। आरोपी पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटना के विषय मे पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गयी और चुपचाप घायल का इलाज करवाया गया। मृतक के परिजन से लिखित आवेदन लेकर प्राथमिकी दर्ज करवाकर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
