नवगछिया : रंगरा ओपी थाना क्षेत्र के चापर दियारा गांव में एक नौवीं कक्षा की छात्रा का उसकी सौतेली मां द्वारा गला दबा कर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है जबकि मामले में रंगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सौतेली मां अरुण मंडल की दूसरी पत्नी सोमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतिका नौवीं कक्षा की छात्रा मनीषा कुमारी है. मनीषा के गर्दन और गले के पास स्याह निशान है तो शरीर के कुछ हिस्से में खरोच के भी निशान हैं. दोपहर बाद तक मनीषा का शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
Total Downloads: 168
मृतिका की बड़ी बहन के लिखित बयान के आधार पर दर्ज की गयी प्राथमिकी
मामले में मृतिका की बड़ी बहन के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में बात सामने आयी है कि गोरखपुर पुल निर्माण विभाग में कार्यरत चापर निवासी अरुण मंडल की पहली शादी से संतान के रूप में तीन लड़की हुई. विशाखा की शादी एकचारी में और एक लड़की आरती देवी की शादी अभिया बाजार में हुई है जबकि तीसरी पुत्री मनीषा अभी आठवीं पास कर नवम में नामांकन लेने वाली थी. पिछले दिनों की अरुण मंडल की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है. जबकि अरुण मंडल ने दूसरी शादी सोमा देवी के साथ किया. इस शादी में अरुण को एक पुत्री रजनी और एक आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार है. रजनी की भी शादी हो चुकी है. इन दिनों अरुण मंडल गोरखपुर में ही रह कर नौकरी करते थे तो दूसरी तरफ बात सामने मनीषा की अपनी बहनों के ससुराल चली जाने और मां की मृत्यु हो जाने के बाद उसकी सौतेली मां उसे बराबर प्रताड़ित किया करती थी.
देर शाम दूसरे के घर जा कर टीभी देखना और मोबाइल पर बात करना बना विवाद का कारण
आस पास के ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि मनीषा गुरुवार को देर शाम पड़ोसी के यहां से टीभी देख कर लौटी थी और वहां से लौटने के बाद किसी से मोबाइल पर बात करने लगी. इसके बाद मनीषा का सौतेली मां के साथ विवाद हुआ और इसी क्रम में उसकी हत्या गला दबा कर दिए जाने की बात कही जा रही है. जबकि पुलिस के समक्ष दिए गए बयान में सोमा देवी ने हत्या की बात से इनकार कर रही है. लेकिन सूचक का बयान और परिस्थिति जन्य साक्ष्य मनीषा की सौतेली मां के विरूद्ध था, इसलिये तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

एसडीपीओ ने की मामले की जांच
नवगछिया के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने परिजनों से घटना की जानकारी ली है. इधर नवगछिया सर्किल के इंस्पेक्टर मार्कण्डेय सिंह ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी मृतिका की सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है.
