नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार में हथियारबंद अपराधियों ने शनिवार की देर रात लगभग 1:30 बजे टिंकू ज्वेलर्स में डकैती की घटना को अंजाम देते हुए लगभग सात लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर ज्वेलर्स के मालिक टिंकू सोनी उसके दूसरे भाई राजा और बहन स्वीटी कुमारी कुमारी को रड से मारकर अधमरा कर दिया।
टिंकू और स्वीटी का इलाज गोपालपुर पीएससी में किया गया, जिसमें जिसमें स्वीटी कुमारी की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पिटाई से टिंकू सोनी बेहोश हो गया उसके सिर पर 6 टांके लगे हैं। पिडित टिंकू ने बताया कि सभी अपराधियों के चेहरे ढके हुए थे। अपराधियों ने दुकान के शटर को रड से ऊपर उठा कर दुकान में रखा हुआ लगभग सात लाख रुपये का सोना और चांदी का भूषण लूट ली।
दुकानदार के दुकान के पास आते ही रड से किया हमला : टिंकू ने बताया कि उसका एक घर दुकान के सामने है जहां उसका छोटा भाई राजा रहता है। वह दुकान से अलग घर में रहता है। रात में एक बजकर 10 मिनट पर मकान मालिक ने फोन कर बताया कि उसके दुकान से कुछ आवाज आ रही है। जब वह दुकान के पास पहुंचा तो आठ लोगों ने उसके सिर और शरीर पर रड और लाठी से मारना शुरू किया। सिर से खून बहने के कारण वह बेहोश हो गया।

भाई को बचाने में बहन हुई बुरी तरह घायल: टिंकू के मंझले भाई राजा ने बताया कि आवाज सुनकर जब वह घर से निकला तो देखा कि उसका भाई सड़क पर बेहोश पड़ा है। भाई को उठाने लगा तो बदमाशों ने उसपर भी डंडे बरसाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसकी बहन स्वीटी बचाने आई तो उसके सिर पर भी लोहे की सरिया से वार किया।
इसके बाद बदमाश सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग गए। घटना की सूचना पर गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार घटनास्थल पर पहुचे और घायल से बातचीत की। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान से लगता है कि चोर ज्वेलरी चोरी करने आये होंगे, दुकानदार के पहुंच जाने और विरोध करने पर पकड़े जाने के भय से मारपीट की होगी। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बाजार में तैनात चार सिपाही मंदिर में सो रहे थे : ग्रामीणों ने बताया कि सुकटिया बाजार में सुरक्षा के दृष्टिकोण से चार जवान तैनात हैं, लेकिन सभी मंदिर में जाकर सो रहे थे।
तीन दिनों में डकैतों को पकड़ समान बरामद करें, अन्यथा आंदोलन :
घटना की निंदा करते हुए भाजपा नेता पूर्व सांसद अनिल यादव, जिला महामंत्री आलोक सिंह और जिला मीडिया प्रभारी रवि कुमार साह ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि तीन दिन के अंदर चोरी की गई सामान को रिकवर कर अपराधी को जेल में डालें अन्यथा हमलोग सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
