नवगछिया। कदवा थाना क्षेत्र के मिलन चौक के समीप सोमवार के सुबह साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार कार सवार ने छः वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी जिससे मासूम की मौत मौके पर ही हो गई। हादसे के बाद कार चालक भटगामा जीरोमाइल की तरफ फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बोड़वा टोला कदवा निवासी वरुण कुमार सोनी और रूपा देवी की पुत्री दिव्या भारती उर्फ कनक प्रिया सड़क पार कर फूल तोड़ने आई थी। फूल तोड़कर वह वापस घर जा रही थी। इसी बीच तेज हादसा हुआ।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रख कर करीब छः घंटों तक बाबा बिशु राउत पुल के संपर्क पथ कदवा फोरलेन सड़क को बांस बल्ली लगाकर जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर बाबा बिशु राउत पुल और पचगछिया टोला तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस बीच कदवा और ढोलबज्जा थाने की पुलिस के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम छुड़ाने का काफी प्रयास कर रहे थे। लेकिन बार-बार हो रहे हादसे से आक्रोशित ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों का कहना था कि पदाधिकारी यहां सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं।

यहां चार-पांच साल के दौरान करीब सात लोगों की जान सड़क हादसे में गई है। ग्रामीण मिलन चौक से लेकर आदर्श उच्च विद्यालय कदवा के बीच जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। वहीं मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग कर रहे थे। कदवा थानाध्यक्ष मो. नसीम अंसारी जाम छुड़ाने के लिए बार-बार अनुरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह अपने खर्च से स्पीड ब्रेकर व चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगा देंगे। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे।

जाम हटाने पहुंचे नवगछिया सीओ व बीडीओ

घटना के बाद जाम हटाने नवगछिया सीओ संतोष कुमार सुमन के साथ बीडीओ भी मौके पर पहुंचे। जहां कदवा दियारा पंचायत के पूर्व मुखिया अशोक सिंह, खैरपुर कदवा पंचायत के मुखिया पंकज कुमार जायसवाल, सरपंच सिराज साह, सुबोध मिश्रा व विधायक पुत्र आशीष कुमार मंडल मौजूद थे। सीओ ग्रामीणों की मांग पूरी करने की बात करते हुए आधे घंटे स्पीड ब्रेकर लगाने की बात कही। उसके बाद करीब बारह बजे बिहार राज्य पथ निर्माण विभाग की रोड एम्बुलेंस गाड़ी मिलन चौक से हाईस्कूल तक स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए काम शुरू किया उसके बाद लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद कदवा थाना की पुलिस ने शव को उठा कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया ले गए।

कदवा के फोरलेन सड़क के दोनों किनारे 10 फीट सड़क हो अतिक्रमण मुक्त

वहीं घटना के बाद धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उपस्थित सीओ से मांग की कि कदवा के मिलन चौक समीप विभिन्न शिक्षण संस्थानों में दर्जनों गांवों से सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। सड़क के दोनों किनारों पर सटे दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिसके कारण छात्रों को पैदल सड़क पर चलना पड़ता है। इससे भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। इसलिए सड़क के दोनों बगल करीब 10 फीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराया जाय। नवगछिया सीओ संतोष कुमार सुमन ने तुरंत मिलन चौक पर हर दुकानदारों को सोमवार की शाम तक सड़क के दोनों तरफ 10 फीट जमीन खाली करने की हिदायत दी। नहीं मानने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *