नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे की गुमशुदगी और हत्या मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने इस कांड में शामिल दो आरोपियों रामू कुमार और नितीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव, घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (कचिया) तथा मृतक की कॉपी, किताब और चप्पल सड़क किनारे झाड़ी से बरामद की।

घटना शुक्रवार, 7 नवंबर की रात की है। झांव गांव निवासी वशिष्ठ साह ने खरीक थाना में आवेदन देकर बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र कोचिंग पढ़ने गया था लेकिन घर नहीं लौटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं स्थानीय सूत्रों के आधार पर कुछ ही घंटों में दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने बच्चे की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर शव और हथियार बरामद कर लिया।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ नवगछिया सहित पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक आधार पर साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रामू कुमार मृतक की बहन से एकतरफा प्रेम करता था और उसका पीछा करता था। इस बात की जानकारी मृतक ने पिता को दी थी। इसी को लेकर दोनों परिवारों में पहले विवाद भी हुआ था। इसी रंजिश में आरोपियों ने बच्चे को सुनसान स्थान पर बुलाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
थानाध्यक्ष खरीक ने बताया कि खरीक थाना कांड संख्या 338/25 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में विधि व्यवस्था सामान्य है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *