अनुमंडल कार्यालय में शुक्रवार को एसडीओ अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में अनाज आपूर्ति को लेकर अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में एडीएसओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान एडीएसओ ने कहा कि इस माह दो दिन पूरे अनुमंडल में सभी डीलरों द्वारा सरकार के निर्देशानुसार अभियान चलाकर आधार सीडिंग का कार्य किया गया। माइकिंग कर कार्ड धारियों को अपना आधार सीडिंग करवाने की अपील की गई। अब तक अनुमंडल के 18 हजार लाभुकों का आधार सीडिंग किया जा चुका है।
Total Downloads: 173
एसडीओ ने कहा कि वैसे कार्डधारी जिनका आधार सीडिंग अब तक नहीं किया गया है। वे 31 मार्च तक अपना आधार सीडिंग करा लें। अन्यथा उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया जाएगा। सभी डीलरों के यहां यह आधार सीडिंग का कार्य 31 मार्च तक किया जाएगा। बैठक में जिला परिषद सदस्य कुमकुम देवी, विपिन कुमार मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मंडल, कांग्रेस नेता शंकर सिंह अशोक, जदयू नेता उमेश पटेल आदि मौजूद थे।

सदस्यों ने कहा-अनाज वितरण के बाद डीलर नहीं देते हैं रसीद
इससे पहले पूर्व में हुई बैठक में समिति द्वारा दिए प्रस्ताव की समीक्षा की गई। जिसमें दिए गए प्रस्ताव पर हुए कार्य संतोषप्रद पाया गया। बैठक में अनुश्रवण समिति के सदस्यों ने कहा कि अनाज का वितरण लाभुकों के बीच सही ढंग से हो रहा है। लेकिन कुछ डीलर के द्वारा पॉश मशीन की पर्ची नहीं दी जाती है।
इस संदर्भ में एसडीओ ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सभी डीलरों को उपभोक्ताओं को पॉश मशीन की पर्ची देने के निर्देश दिए। अनुश्रवण समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में खाद्यान्न की गुणवत्ता में सुधार है। लाभुकों के बीच गुणवत्तापूर्ण अनाज का वितरण किया जा रहा है।

