लोजपा सांसद वीणा देवी सह पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है. मिली जानकारी के मुताबिक लोजपा सांसद के बेटे की मौत नोएडा में सड़क दुर्घटना में हुई है. सूरजभान अपने बेटे का शव लाने रवाना हो चुके हैं.
मुंगेर सांसद बीना देवी के बड़े पुत्र अविनाश कुमार सिंह की सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे नोएडा के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सांसद पुत्र इनोवा से अपने आवास आ रहे थे. इस दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी. बता दें कि बीना देवी लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बलिया के पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी हैं. अविनाश कुमार सूरजभान सिंह के तीन पुत्रों में सबसे बड़े पुत्र थे.

दिल्ली निकले सूरजभान
मौत की जानकारी मिलते ही सूरजभान सिंह बेटे के शव को लाने दिल्ली निकल चुके हैं. घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. सांसद के पुत्र अविनाश दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते थे. पिछले दिनों अविनाश कुमार सिंह अपने माता-पिता के साथ प्रधानमंत्री से भी मिले थे.
वीणा देवी को नहीं दी गई जानकारी
फिलहाल सांसद बीना देवी को अपने पुत्र के हादसे में हुई मौत की जानकारी नहीं दी गई है. सांसद पिछले कई दिनों से बीमार चल रही हैं. उसका इलाज दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा है. बता दें कि वीणा देवी बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा निवासी पूर्व सांसद सूरजभान की पत्नी हैं. वो वर्तमान में मुंगेर से लोकजनशक्ति पार्टी से सांसद हैं.


