रेलवे भर्ती परीक्षा के आवेदकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रुप सी (असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन) की वैकेंसी 26,502 से बढ़ाकर 60,000 की जा सकती है। रेलवे ने नोटिस जारी कर यह जानकारी दी है। 9 अगस्त से शुरू होने जा रही असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन ऑनलाइन भर्ती परीक्षा से एक सप्ताह पहले रेलवे ने आवेदकों के लिए यह बड़ी घोषणा की है। 47 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
रेलवे ने वैकेंसी बढ़ाने वाले अपने नोटिफिकेशन में कहा है ‘CEN 01/2018 नोटिस में ALP और Technicians के पदों पर 26,502 वैकेंसी की जानकारी दी गई थी। इन भर्तियों की संख्या दोगुना से भी ज्यादा करके 60,000 की जा सकती है। जल्द ही आरआरबी की वेबसाइट पर इस संबंध में सूचना दी जाएगी। उम्मीदवार इस सूचना के लिए आरआरबी की वेबसाइट चेक करते रहें।’

railway vacancy increase notice
आपको बता दें कि फरवरी माह में रेलवे ने ग्रुप डी (ट्रैकमैन, गैंगमेन, खलासी, स्विचमैन, हेल्पर, वेल्डर, पोर्टर इत्यादि) व ग्रुप सी (एएलपी- असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन) की 89,409 भर्तियां निकाली थीं। इनमें 62,907 भर्तियां ग्रुप डी की थी और 26,502 वैकेंसी (एएलपी- असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन) की थी। 26,502 वैकेंसी में 17,673 अस्सिटेंट लोको पायलट और 8,829 तकनीशियन की पोस्ट थी। 89,409 भर्तियों के लिए 2 करोड़ 37 लाख आवेदन आए है। रेलवे 9 अगस्त से असिस्टेंट लोको पायलट व टेक्नीशियन पदों की भर्ती परीक्षा आयोजित कर रहा है। इसके बाद ग्रुप डी की भर्ती परीक्षा आयोजित होगी।
ये भी पढ़ें : RRB Group C Exam: परीक्षा केंद्र को लेकर रेलवे ने जारी किया नोटिस
वेटिंग लिस्ट भी आएगी
रिजल्ट के साथ वेटिंग लिस्ट भी निकाली जाएगी। यानी जब फाइनल सेलेक्शन का रिजल्ट घोषित किया जाएगा तब कुछ उम्मीदवारों को वेटिंग लिस्ट में शामिल किया जाएगा। अगर कोई चयनित उम्मीदवार किसी कारणवश ज्वॉइन करने से इनकार कर देता है तो वेटिंग लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा। यानी बाद में भी कुछ उम्मीदवारों की किस्मत चमक सकती है।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया है कि वेटिंग लिस्ट में कुल वैकेंसी के 50 फीसदी उम्मीदवार शामिल किए जाएंगे। दरअसल सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा एक साथ कई गवर्नमेंट जॉब एग्जाम देते रहते हैं जैसे एसएससी, सीडीएस, बैंक पीओ, बैंक क्लर्क, पीसीएस आदि। 90 हजार वैकेंसी के लिए जिन उम्मीदवारों का फाइनल सेलेक्शन होगा उनमें से बहुत से ऐसे हो सकते हैं जिनका सेलेक्शन किसी अन्य सरकारी नौकरी में हो गया हो। ऐसी स्थिति में वह रेलवे में ज्वॉइन करने से इनकार कर सकते हैं।


